समय-सीमा बैठक सम्पन्न विकसित भारत संकल्प यात्रा के सफल आयोजन के कलेक्टर ने दिए निर्देश

समय-सीमा बैठक सम्पन्न
——-
विकसित भारत संकल्प यात्रा के सफल आयोजन के कलेक्टर ने दिए निर्देश
——–
लक्षित लाभार्थियों तक समयबद्ध तरीके से लाभ पहुंचाना सुनिश्चित करें-कलेक्टर
——-
समय-सीमा पत्रों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर साकेत मालवीय ने शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से विधानसभा निर्वाचन का कार्य सम्पन्न कराने पर सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शुभकामनाएं दी। कलेक्टर ने कहा कि पूरी टीम के एकजुटता से कार्य करने के कारण विधानसभा निर्वाचन 2023 निर्विघ्न ढंग से सम्पन्न हुआ। कलेक्टर ने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा मतदान केन्द्रों के युक्तियुक्त करण के संबंध में जानकारी चाही गई है। सभी रिटर्निंग आफिसर तथा सहायक रिटर्निंग आॅफीसर उक्त जानकारी आगामी एक सप्ताह में भेजा जाना सुनिश्चित करेंगे। युक्तियुक्त करण का प्रस्ताव भेजते समय मतदाताओं की सुविधाओं का ध्यान रखेंगे।
कलेक्टर द्वारा विकसित भारत संकल्प यात्रा के सफल आयोजन के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर ने कहा कि केन्द्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लक्षित लाभार्थियों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाने के उद्देश्य से विकसित भारत संकल्प यात्रा का संचालन किया जा रहा है। यह यात्रा प्रत्येक ग्राम पंचायत तथा शहरी क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड से गुजरेगी जहां हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के विषय में जागरूक करने के साथ ही पात्र वंचित हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण भी किया जावेगा। कलेक्टर ने कार्यक्रम स्थलों में स्वास्थ्य मेले तथा अन्य योजनाओं से संबंधित स्टाल लगाने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने कहा कि मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत जिला स्तरीय नोडल अधिकारी होंगे। तथा समस्त उपखण्ड अधिकारी (राजस्व) खण्ड स्तरीय नोडल अधिकारी होंगे। सभी उपखण्ड अधिकारी यात्रा का रूट चार्ट बनाकर उनका प्रभावी संचालन सुनिश्चित करेंगे।
सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों के निराकरण के निर्देश
——–
सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों के निराकरण की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने शिकायतों के संतुष्टि के साथ निराकरण करने के निर्देश दिए हैं। सभी एल 1 एवं एल 2 अधिकारी प्रतिदिन की कार्य योजना तैयार कर 20 दिसंबर के पूर्व माह नवम्बर में प्राप्त शिकायतों को संतुष्टि के साथ निराकृत कराया जाना सुनिश्चित करेंगे। सभी विभाग ग्रेड ए में आने के प्रयास करेंगे। यह भी सुनिश्चित करेंगे कि कोई भी शिकायत अन अटेण्डेड नहीं रहे तथा निम्न गुणवत्ता से बंद नहीं हो सभी विभाग प्रमुख प्रतिदिन शिकायतों के निराकरण की वस्तुस्थिति से अवगत कराना सुनिश्चित करेंगे।
उपार्जन केन्द्रों की सतत निगरानी के निर्देश
——–
धान उपार्जन की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए हैं कि सभी उपखण्ड अधिकारी तथा संबंधित विभागीय अधिकारी उपार्जन केन्द्रों की सतत निगरानी सुनिश्चित करेंगे। उपार्जन केन्द्रों में सभी मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता के साथ यह सुनिश्चित करेंगे कि किसानों की खरीदी में केन्द्र में कम से कम समय लगे तथा उन्हें पावती समय से प्राप्त हो जाए। खाद्यान्न वितरण की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने हितग्राहियों को समय से खाद्यान्न वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। नवम्बर माह में 80 प्रतिशत से कम वितरण वाली सभी उचित मूल्य दुकानों के जांच के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में कलेक्टर ने अनुकंपा नियुक्ति तथा शासकीय सेवकों के लंबित पेंशन प्रकरणों का निराकरण समय-सीमा में करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही हाई कोर्ट तथा लोकायुक्त में लंबित प्रकरणों के जवाब दावे समय से प्रस्तुत करने और वरिष्ठ कार्यालयों के पत्रों पर समय-सीमा में कार्यवाही पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत राहुल धोटे, अपर कलेक्टर राजेश शाही, उपखण्ड अधिकारी गोपद बनास नीलेश शर्मा, सिहावल एसपी मिश्रा सहित सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहें।




