कुनझुन कला में भंडारण लीज की आड़ में अवैध खनन का आरोप, ग्रामीणों ने कलेक्टर से की सख्त कार्रवाई की मांग

सीधी। जिले की ग्राम पंचायत कुनझुन कला में कथित अवैध खनन को लेकर ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर को शिकायत सौंपते हुए मामले की उच्चस्तरीय जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि खनिज भंडारण (स्टोरेज) के उद्देश्य से स्वीकृत लीज की आड़ में भारी मशीनों से अवैध खनन किया जा रहा है, जिससे पर्यावरण और प्राकृतिक संसाधनों को नुकसान पहुंच रहा है।

ग्रामीणों द्वारा दिए गए आवेदन के अनुसार संबंधित स्थल पर केवल खनिज भंडारण की अनुमति प्रदान की गई थी, लेकिन वहां पोकलेन और जेसीबी मशीनों से खनन गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि क्षेत्र में समय-समय पर ब्लास्टिंग की जाती है, जिससे आसपास के ग्रामीणों में भय और असंतोष का माहौल है।


आवेदन में ग्रामीणों ने दावा किया है कि कथित खनन गतिविधियां सोन जोगदह (घड़ियाल) अभयारण्य की सीमा के करीब संचालित हो रही हैं। उनका कहना है कि यदि जांच में यह तथ्य सही पाया जाता है तो यह वन्यजीव संरक्षण एवं पर्यावरण संबंधी नियमों का गंभीर उल्लंघन होगा। ग्रामीणों ने इस पूरे मामले की जीपीएस आधारित पैमाइश कराकर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है।
ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि खनन के कारण गांव के प्राकृतिक नाले का स्वरूप प्रभावित हो रहा है। उनका कहना है कि इससे वर्षा जल निकासी, भूजल स्तर और पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है। शिकायत में कहा गया है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में क्षेत्र को गंभीर पर्यावरणीय नुकसान उठाना पड़ सकता है।
ग्रामीणों ने कलेक्टर से मांग की है कि राजस्व, खनिज विभाग और वन विभाग की संयुक्त टीम गठित कर मौके का निरीक्षण कराया जाए। साथ ही यह जांच की जाए कि लीज की शर्तों का पालन किया जा रहा है या नहीं। यदि जांच में अनियमितता अथवा अवैध खनन की पुष्टि होती है, तो संबंधित भंडारण लीज को निरस्त कर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाए।
फिलहाल जिला प्रशासन की ओर से शिकायत पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। मामले में जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।




