तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 को जनआंदोलन बनाने की अपील, 28 अक्टूबर से शुरू होगा 60 दिवसीय अभियान

भोपाल- मध्यप्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने प्रदेशवासियों से तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि तंबाकू और निकोटीन की लत युवाओं के स्वास्थ्य, क्षमता और भविष्य के लिए गंभीर चुनौती है। बच्चों और युवाओं को इस लत से बचाना समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रदेश में यह अभियान 28 अक्टूबर से 26 दिसंबर 2026 तक संचालित किया जाएगा।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियान का उद्देश्य बच्चों और युवाओं को तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। इसे केवल सरकारी कार्यक्रम तक सीमित न रखकर समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी से जनआंदोलन का रूप दिया जाना चाहिए। इसके लिए युवाओं, अभिभावकों, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों, ग्राम पंचायतों और सामाजिक संगठनों को सक्रिय भूमिका निभानी होगी।
उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि प्रत्येक विद्यालय और महाविद्यालय को तंबाकू मुक्त बनाने के लिए ठोस प्रयास किए जाने चाहिए। साथ ही, हर गांव को तंबाकू मुक्त गांव बनाने की दिशा में सामूहिक पहल जरूरी है। ग्राम सभाओं, ग्राम पंचायतों, नगरीय निकायों, शिक्षण संस्थानों और सामाजिक संगठनों के माध्यम से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाना चाहिए।
उन्होंने तंबाकू नियंत्रण से जुड़े नियमों का प्रभावी पालन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। उप मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों और जिला प्रशासन से अभियान की सफलता के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने की अपील की। उन्होंने कहा कि बच्चों और युवाओं को तंबाकू उत्पादों के प्रलोभन तथा सामाजिक दबाव से बचाने के लिए परिवार और समाज को सजग रहना होगा।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि तंबाकू छोड़ने के इच्छुक लोगों को उचित परामर्श और सहायता उपलब्ध कराने के लिए तंबाकू व्यसन मुक्ति केंद्रों तथा राष्ट्रीय तंबाकू क्विटलाइन की सेवाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाई जानी चाहिए। तंबाकू की लत छोड़ने के लिए सहायता चाहने वाले लोग राष्ट्रीय तंबाकू क्विटलाइन के टोल-फ्री नंबर 1800-11-2356 पर संपर्क कर सकते हैं।
राजेन्द्र शुक्ल ने प्रदेशवासियों से अपने घर, विद्यालय, गांव और शहर को तंबाकू मुक्त बनाने का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि तंबाकू सेवन को सामान्य मानने वाली सोच में बदलाव लाना समय की आवश्यकता है। जागरूक युवा स्वस्थ परिवार की नींव हैं और तंबाकू मुक्त गांव स्वस्थ मध्यप्रदेश की पहचान बन सकते हैं।
उन्होंने कहा कि स्वस्थ युवा, तंबाकू मुक्त गांव, सशक्त मध्यप्रदेश और तंबाकू मुक्त भारत का लक्ष्य जनभागीदारी और सामूहिक प्रयासों से ही हासिल किया जा सकता है।




