हाजिरी सुधारने के बदले मांगी रिश्वत, लोकायुक्त ने सुपरवाइजर को ₹2 हजार लेते पकड़ा

सतना। नगर निगम में सफाईकर्मी की हाजिरी दर्ज करने के बदले रिश्वत मांगने के मामले में लोकायुक्त रीवा की टीम ने कार्रवाई की है। टीम ने नगर निगम सतना में पदस्थ सुपरवाइजर बालकृष्ण आदिवासी को ₹2 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
लोकायुक्त के अनुसार, सतना निवासी राजकिशोर समुंद्रे वार्ड क्रमांक 15 में सफाईकर्मी के रूप में कार्यरत हैं। शिकायतकर्ता का आरोप था कि उन्होंने सितंबर में 25 दिन काम किया, लेकिन रजिस्टर में उनकी हाजिरी कम दर्ज की गई। हाजिरी सही कराने के बदले सुपरवाइजर ने कथित तौर पर ₹3 हजार की रिश्वत मांगी थी।
शिकायत के सत्यापन के दौरान आरोपी द्वारा पहले ही ₹1 हजार लेने की जानकारी सामने आई। इसके बाद 18 अक्टूबर 2026 को लोकायुक्त टीम ने बिरला हॉस्पिटल के सामने ट्रैप कार्रवाई की और शिकायतकर्ता से शेष ₹2 हजार लेते हुए सुपरवाइजर को पकड़ लिया।
आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की संशोधित धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है। ट्रैपकर्ता अधिकारी निरीक्षक संदीप सिंह भदौरिया सहित लोकायुक्त टीम आगे की कार्रवाई में जुटी है।
लोकायुक्त रीवा ने अपील की है कि सरकारी काम के बदले रिश्वत मांगे जाने पर मोबाइल नंबर 98936 07619 पर शिकायत की जा सकती है।


