त्योहारों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करें, 15 नवंबर तक सुधरेंगी क्षतिग्रस्त सड़कें
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को दिए निर्देश, दीपावली पर पटाखा बिक्री स्थलों पर अग्निशमन व्यवस्था और अस्पतालों में बर्न वार्ड की तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए प्रदेश के कमिश्नर्स, कलेक्टर्स और वरिष्ठ अधिकारियों को आगामी त्योहारों के मद्देनजर सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और यातायात प्रबंधन के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए। उन्होंने वर्षा से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत 15 नवंबर तक पूरी कराने को कहा।
मुख्यमंत्री ने दीपावली पर पटाखों की बिक्री वाले स्थानों पर पर्याप्त अग्निशमन व्यवस्था, अस्पतालों में बर्न वार्ड की तैयारियों और जरूरतमंद गंभीर मरीजों को एयर एम्बुलेंस से उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने और खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा।
कम वर्षा वाले प्रदेश के 12 जिलों में पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने, कम पानी में तैयार होने वाली फसलों की कार्ययोजना बनाने और फसल अनावरी की जानकारी तीन दिन के भीतर पोर्टल पर अपलोड कराने के निर्देश भी दिए गए। मुख्यमंत्री ने खाद वितरण की निगरानी कर किसानों को आसानी से खाद उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
उन्होंने 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस और 1 नवंबर को मध्य प्रदेश स्थापना दिवस मनाने के लिए भी आवश्यक तैयारियां करने को कहा। स्थापना दिवस का राज्य स्तरीय मुख्य समारोह भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित होगा।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में सीधी कलेक्ट्रेट के एनआईसी केंद्र से कलेक्टर विकास मिश्रा, पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी, जिला पंचायत सीईओ सौम्या आनंद, अपर कलेक्टर बीपी पाण्डेय सहित अन्य अधिकारी शामिल हुए।




