सीधी में कथित धर्मांतरण के विरोध में पैदल मार्च, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
धर्म रक्षा समिति ने सख्त कार्रवाई और कठोर कानून बनाने की मांग की, जमोड़ी क्षेत्र के मामले का भी किया उल्लेख

सीधी। जिले में कथित धर्मांतरण की गतिविधियों के विरोध में गुरुवार को धर्म रक्षा समिति ने पैदल मार्च निकालकर प्रदर्शन किया। दोपहर करीब 3 बजे पूजा पार्क से शुरू हुआ मार्च सम्राट चौराहे से होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचा। इसमें सैकड़ों लोग शामिल हुए।
प्रदर्शनकारियों ने कलेक्टर विकास मिश्रा को ज्ञापन सौंपकर कथित धर्मांतरण के मामलों की गंभीरता से जांच कराने, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और ऐसी गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए कठोर कानून बनाने की मांग की।
समिति ने दावा किया कि जिले में धर्मांतरण से जुड़े मामले लगातार सामने आ रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने जमोड़ी थाना क्षेत्र में हाल ही में सामने आए एक मामले का उल्लेख किया, जिसमें पुलिस द्वारा एफआईआर दर्ज किए जाने की बात कही गई। उन्होंने आरोप लगाया कि बाहरी लोग अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के परिवारों को निशाना बनाकर धर्म परिवर्तन कराने का प्रयास कर रहे हैं। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
भाजपा नेता एवं जनपद पंचायत अध्यक्ष सीधी धर्मेंद्र सिंह परिहार ने कहा कि धर्मांतरण से जुड़ी गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए सख्त कानून की जरूरत है। समिति के सदस्यों ने प्रशासन से मामलों की निष्पक्ष जांच कर ठोस कार्रवाई सुनिश्चित करने की अपील की।




