देश के प्रतिष्ठित कला समीक्षक और साहित्यकार आयेंगे – सीधी

देश के प्रतिष्ठित कला समीक्षक और साहित्यकार आयेंगे – सीधी
*रिपोर्ट*👉 अरुण मिश्रा
सीधी l आपको बतादें कि आने वाले आगामी ५ से ७ जनवरी सीधी में आयोजित होने वाले विंध्य अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में इस बार देश की प्रतिष्ठित पत्र-पत्रिकाओं के संपादक, कला समीक्षक, साहित्यकार व फिल्म समीक्षक शिरकत करेंगे। भोपाल से जाने-माने राजनीतिक विश्लेषक और कला समीक्षक गिरिजा शंकर जी, विश्व के सभी बड़े फ़िल्म महोत्सवों में शिरकत कर चुके विख्यात फ़िल्म समीक्षक अजीत राय, प्रतिष्ठित पत्रिका के संपादक व सुप्रसिद्ध कला समीक्षक शिवकेश मिश्रा, साहित्यकार शोभा अक्षरा, कला समीक्षक आलोक पराड़कर एवं सुप्रसिद्ध युवा रंगकर्मी मनीष जोशी, वैष्णवी गार्डन सीधी में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय फ़िल्म महोत्सव के दौरान होने वाली विविध चर्चाओं में शामिल होंगे। फिल्म महोत्सव में विभिन्न विषयों पर बातचीत रखी गयी है जिनमे नये फिल्मकारों को अपने फ़िल्म को देश-विदेश के नामी फ़िल्म फ़ेस्टिवल में कैसे भेजे इसकी जानकारी मिलेगी। साथ ही ओटीटी प्लेटफ़ार्म किस तरह स्क्रिप्ट का चुनाव करते हैं और उन तक पहुँचने की क्या प्रक्रिया है इसकी भी जानकारी मिलेगी। इसके अलावा भी सिनेमा, साहित्य और समाज से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा और दर्शकों द्वारा प्रश्नोत्तर भी किया जायेगा। महोत्सव के दौरान दिखाई जाने वाली फ़िल्मों के निर्देशकों के साथ भी आमजन से सीधे संवाद का कार्यक्रम भी रखा गया है।
फ़िल्म महोत्सव में प्रदर्शन के लिये चयनित फाइनलिस्ट फिल्मों की सूची महोत्सव के आधिकारिक वेबसाईट और सोशल मीडिया पर जारी कर दी गयी है। भारत के अलावा यूनाइटेड स्टेट, जर्मनी, रशियन फ़ेडरेशन, कनाडा, यूनाइटेड किंगडम, टर्की, स्पेन, सिंगापुर, रोमानिया, क़तर, न्यू जीलैंड नेपाल, इज़राइल, इंडोनेशिया, चायना, बुल्गारिया, ब्राज़ील, बांग्लादेश, ऑस्ट्रिया, और ऑस्ट्रेलिया की फ़िल्मों ने इस महोत्सव में हिस्सा लिया है। भारत और विदेशों से आने वाले फ़िल्म निर्देशकों के स्वागत के लिये सीधी शहरवासियों में उत्साह का माहौल बना हुआ है।




