रीवा-सीधी मार्ग पर भीषण बस हादसा, 5 की मौत; 16 घायल

रीवा। रीवा-सीधी के बीच गुढ़ से करीब 4 किलोमीटर आगे बस क्रमांक MP-19 P 1501 की बल्कर ट्रक से टक्कर हो गई। हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 16 यात्री घायल हुए हैं। इनमें 3 की हालत गंभीर बताई गई है, जबकि 13 यात्रियों की स्थिति सामान्य है।
हादसे की सूचना मिलते ही रीवा संभाग कमिश्नर शीलेंद्र सिंह, कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी और पुलिस अधीक्षक डॉ. गुरुकरण सिंह घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया। अधिकारियों ने संजय गांधी चिकित्सालय पहुंचकर घायलों से भी मुलाकात की।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान से 2-2 लाख रुपये और घायलों को 1-1 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। उन्होंने जिला प्रशासन को सभी घायलों का समुचित उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।




