जन विश्वास पोर्टल का शुभारंभ, 17 सितंबर से चलेगा मुख्यमंत्री सेवा संकल्प अभियान

सीधी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जन विश्वास पोर्टल का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के कलेक्टरों और अधिकारियों से संवाद कर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले मुख्यमंत्री सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ आयोजित करने के निर्देश दिए। इस दौरान नदी घाटों की स्वच्छता, दीप प्रज्ज्वलन, हितग्राहियों से संवाद, विद्यार्थियों के लिए भाषण-पेंटिंग प्रतियोगिताएं, नुक्कड़ नाटक और विकास कार्यों से हुए बदलावों को आमजन तक पहुंचाने जैसी गतिविधियां होंगी।
25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आंगन का उत्सव आयोजित किया जाएगा। आंगनवाड़ी केंद्रों पर बच्चों और महिलाओं से जुड़ी गतिविधियों के साथ आंगनवाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं का सम्मान और महिलाओं से संवाद भी होगा। वहीं सेवा ज्योति यात्रा, रंगोली और मानव रंगोली जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
अभियान के तहत जिले की प्रमुख उपलब्धियों, विकास परियोजनाओं और शासन की योजनाओं से लाभान्वित लोगों की प्रेरक कहानियों को सोशल मीडिया, प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से सामने लाया जाएगा। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान सीधी कलेक्ट्रेट के एनआईसी केंद्र से कलेक्टर विकास मिश्रा सहित जिला पंचायत सीईओ सौम्या आनंद एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।




