सीधी में 9 ग्राम रोजगार सहायकों का वेतन रोकने की कार्रवाई, 2 को कारण बताओ नोटिस
जनपद पंचायत की समीक्षा बैठक में कम प्रगति पर सख्ती, जिला पंचायत सीईओ ने लंबित कार्य समय-सीमा में पूरे करने के दिए निर्देश

सीधी। जनपद पंचायत सीधी की समीक्षा बैठक में योजनाओं के निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप मानव दिवस सृजन नहीं होने पर 9 ग्राम पंचायतों के ग्राम रोजगार सहायकों के वेतन आहरण पर रोक लगाने की कार्रवाई की गई। वहीं, सिपरी पोर्टल पर एक भी कार्य प्रस्तुत नहीं करने पर दो ग्राम पंचायतों के रोजगार सहायकों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए।
शनिवार को जनपद पंचायत सीधी के सभागार में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सौम्या आनंद की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई। इसमें प्रधानमंत्री आवास योजना, वीबी-जी-रामजी, पंचायती राज, स्वच्छ भारत मिशन, पीएम पोषण और मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
वीबी-जी-रामजी के तहत निर्धारित मानव दिवस सृजन में कमी मिलने पर गाड़ा, लोलर सिंह, जमुनिहा कला, देवगढ़, बम्हनी, नौड़िया, पटेहरा खुर्द, सतनारा और पवई ग्राम पंचायतों के ग्राम रोजगार सहायकों के वेतन आहरण पर रोक लगाने की कार्रवाई की गई। वहीं, जोगीपुर और पीपरोहर के ग्राम रोजगार सहायकों द्वारा सिपरी पोर्टल पर कोई कार्य प्रस्तुत नहीं किए जाने पर कारण बताओ सूचना पत्र जारी किए गए।
बैठक में आवास निर्माण एवं भुगतान, पंचायतों के कर संग्रहण, ऑनलाइन ऑडिट, परिसंपत्तियों के पंजीयन, लंबित बिजली बिलों, पंचायत एवं आंगनवाड़ी भवनों के निर्माण तथा स्व-सहायता समूहों से जुड़े कार्यों की भी समीक्षा की गई।
सीईओ सौम्या आनंद ने अधिकारियों और कर्मचारियों को लंबित कार्यों का प्राथमिकता से निराकरण करने तथा सभी योजनाओं के लक्ष्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे करने के निर्देश दिए। बैठक में जनपद पंचायत सीईओ चंदूलाल पनिका सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी और सभी 115 ग्राम पंचायतों के सचिव एवं ग्राम रोजगार सहायक उपस्थित रहे।




