सीधी

दिसंबर 2026 तक सीधी में रेल संचालन शुरू करने का लक्ष्य, 2027 तक हर घर पहुंचेगा शुद्ध पेयजल

दिशा की बैठक में विकास कार्यों की समीक्षा; सड़कों की मरम्मत, स्वास्थ्य सेवाओं, बिजली और संचार सुविधाओं में सुधार के निर्देश

ar 728 ad
AR News Live

सीधी। जिले में विकास कार्यों और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति को लेकर जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित की गई। सांसद डॉ. राजेश मिश्रा की अध्यक्षता में हुई बैठक में रेलवे, पेयजल, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, शिक्षा और सिंचाई सहित विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की गई। सांसद ने रेलवे अधिकारियों को दिसंबर 2026 तक सीधी जिला मुख्यालय में रेल संचालन शुरू करने के लक्ष्य के अनुरूप काम में तेजी लाने और वर्ष 2027 तक हर घर में शुद्ध पेयजल पहुंचाने के निर्देश दिए।

बैठक की शुरुआत सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर उनके चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुई। इस अवसर पर सांसद ने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की शपथ दिलाई।

दिसंबर तक रेल संचालन शुरू करने के निर्देश

रेलवे विभाग की समीक्षा के दौरान सांसद ने सीधी जिला मुख्यालय तक रेल संचालन शुरू करने के लिए शेष कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने को कहा। उन्होंने निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी और बाधाओं का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही सिंगरौली-कटनी रेल लाइन के दोहरीकरण की प्रक्रिया में तेजी लाने पर भी जोर दिया।

2027 तक हर घर को शुद्ध पेयजल का लक्ष्य

नल-जल योजनाओं की समीक्षा करते हुए सांसद ने वर्ष 2027 तक जिले के प्रत्येक घर में शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने योजनाओं के निर्माण, संचालन और पानी की गुणवत्ता की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। शिक्षा विभाग को विद्यालयों में शौचालयों की साफ-सफाई और उनके नियमित उपयोग योग्य होने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। दूरस्थ क्षेत्रों में बीएसएनएल की संचार कनेक्टिविटी बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।

स्वास्थ्य सेवाओं और सड़कों में सुधार पर जोर

स्वास्थ्य विभाग को एंबुलेंस संचालन की निगरानी, संस्थागत प्रसव को प्रोत्साहन, आयुष्मान आरोग्य केंद्रों में चिकित्सकों की नियमित उपस्थिति और सिकल सेल एनीमिया की स्क्रीनिंग बढ़ाने के निर्देश दिए गए। जिला चिकित्सालय में सी-आर्म मशीन से जुड़ी समस्याओं को देखते हुए सांसद ने आवश्यक प्रस्ताव प्रस्तुत करने को कहा और मशीन की व्यवस्था प्राथमिकता से कराने का आश्वासन दिया।

वहीं, सड़क निर्माण एजेंसियों को जिले की खराब सड़कों की मरम्मत और सीधी शहर की सड़कों का काम जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए। ब्रिज विभाग को लंबित पुल निर्माण कार्यों में तेजी लाने तथा पुराने पुलों का आवश्यक रखरखाव करने को कहा गया।

बिजली, आवास और सौर ऊर्जा योजनाओं की समीक्षा

विद्युत विभाग को शेष घरों का विद्युतीकरण पूरा करने और ट्रांसफार्मरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने बताया कि ट्रांसफार्मर वेयरहाउस का संचालन 1 नवंबर से शुरू किया जा सकेगा। सांसद ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अधूरे आवासों को समय पर पूरा कराने और प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा।

किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी देने के निर्देश

जल संसाधन विभाग की समीक्षा में सांसद ने नहरों की नियमित सफाई और रखरखाव सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने और जल वितरण व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

बैठक में विधायक धौहनी कुंवर सिंह टेकाम ने अपने क्षेत्र की सड़क, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़ी समस्याएं उठाईं। उन्होंने ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में शासकीय योजनाओं का लाभ पहुंचाने और लंबित विकास कार्यों को प्राथमिकता से पूरा कराने पर जोर दिया।

कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशों का गंभीरता से पालन करने, विकास कार्यों की नियमित निगरानी करने और निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने को कहा। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू सिंह, विभिन्न जनपद पंचायतों के अध्यक्ष, जिला पंचायत सीईओ सौम्या आनंद सहित दिशा समिति के सदस्य और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।


AR News Live
ar 728 ad
ar 728 ad

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ar 728 ad
Back to top button