संजय गांधी कॉलेज के पास अवैध रेत से लदा मिनी ट्रक पकड़ा, 12.10 लाख का माल जब्त

सीधी। अवैध रेत परिवहन के खिलाफ जमोड़ी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए संजय गांधी कॉलेज के पास से बालू से लदा मिनी ट्रक जब्त किया है। पुलिस ने वाहन चालक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार 8 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जमोड़ी खुर्द की ओर से बिजली विभाग होते हुए मेन रोड की तरफ मिनी ट्रक से अवैध रूप से रेत ले जाई जा रही है। सूचना पर पुलिस टीम ने संजय गांधी कॉलेज के पास बिजली विभाग कार्यालय के समीप घेराबंदी की।
पुलिस को देखकर चालक वाहन छोड़कर भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन टीम ने उसे पकड़ लिया। वाहन की जांच में रेत लदी मिली। चालक से परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने मिनी ट्रक MP 53 ZG 4477 और उसमें लदी रेत को जब्त किया है। वाहन और रेत की कुल अनुमानित कीमत करीब 12 लाख 10 हजार रुपये बताई गई है। गिरफ्तार चालक की पहचान रमेश कोल (33), निवासी कुर्वाह के रूप में हुई है।
मामले में चालक और वाहन स्वामी के खिलाफ धारा 303(2), 317(5) BNS तथा खान एवं खनिज अधिनियम की धारा 4/21 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है। कार्रवाई थाना प्रभारी केदार परौहा के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा की गई।


