मतदाता सूची में नाम जोड़ने का मौका, 7 से 9 अक्टूबर तक बूथों पर लगेंगे विशेष शिविर

सीधी। मतदाता सूची के निरंतर अद्यतन के तहत जिले के सभी मतदान केंद्रों पर 7, 8 और 9 अक्टूबर को विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं। शिविर सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चलेंगे। इनमें छूटे हुए पात्र नागरिकों और 18-19 वर्ष आयु वर्ग के नए मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़े जाएंगे।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विकास मिश्रा ने बुधवार को शासकीय हाई स्कूल कोतरकला और जनपद पंचायत सीधी स्थित मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर शिविरों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से मतदाता सूची के अद्यतन की जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए।
विशेष शिविरों में एएसडीआर सूची के आधार पर अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत एवं दोहरी प्रविष्टि वाले मामलों की जांच कर पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, एसआईआर के दौरान 2003 की जानकारी उपलब्ध नहीं होने के कारण जिन पात्र मतदाताओं के नाम हट गए हैं, उन्हें भी नियमानुसार सूची में शामिल किया जाएगा।
अभियान के दौरान प्ररूप-6 में घोषणा पत्र की अनिवार्यता समाप्त कर दी गई है। मतदाताओं से अब अलग से घोषणा पत्र नहीं भराया जाएगा। शिविरों में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं भी सहयोग करेंगी।
प्राप्त आवेदनों की जानकारी प्रतिदिन संकलित कर जिला निर्वाचन कार्यालय को भेजने के निर्देश दिए गए हैं। पात्र नागरिकों से अपील की गई है कि वे निर्धारित तिथियों में अपने नजदीकी मतदान केंद्र पहुंचकर नाम जुड़वाने या मतदाता सूची में आवश्यक सुधार की कार्रवाई कराएं।




