सीधी

दुर्गा उत्सव से पहले प्रशासन अलर्ट, राजस्व-पुलिस को टीम बनाकर काम करने के निर्देश

ar 728 ad
AR News Live

सीधी। जिले में कानून-व्यवस्था और जनसुरक्षा को लेकर कलेक्टर विकास मिश्रा और पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी की मौजूदगी में राजस्व एवं पुलिस अधिकारियों की संयुक्त बैठक हुई। बैठक में आगामी दुर्गा उत्सव, अपराध नियंत्रण, नशे के अवैध कारोबार और यातायात व्यवस्था की समीक्षा की गई।

कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राजस्व और पुलिस विभाग आपसी समन्वय से एक टीम के रूप में कार्य करें। संवेदनशील मामलों में तत्काल सूचना साझा कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और यह समन्वय केवल त्योहारों तक सीमित न रहे।

दुर्गा उत्सव में सुरक्षा और यातायात पर फोकस

दुर्गा उत्सव को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला, अनुविभाग और थाना स्तर पर शांति समिति की बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिए गए। पूजा स्थलों के आयोजकों को निर्धारित शर्तों के साथ अनुमति देने और पर्याप्त वालेंटियर्स की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

भीड़भाड़ वाले स्थानों और प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा एवं यातायात नियंत्रण की व्यवस्था पहले से करने तथा यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि आयोजनों के कारण यातायात प्रभावित न हो। विसर्जन घाटों का पूर्व निरीक्षण कर बैरिकेडिंग, प्रकाश, भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

नशे के कारोबार पर रहेगी नजर

स्कूल-कॉलेजों के आसपास नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री और आपूर्ति पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करने के साथ पुलिस सूचना तंत्र को मजबूत करने को कहा गया।

अपराधिक और उपद्रवी प्रवृत्ति के लोगों पर निगरानी रखने तथा आवश्यकता के अनुसार बाउंड ओवर की कार्रवाई समय पर पूरी करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में मर्ग प्रकरणों में खात्मे की कार्रवाई, शस्त्र नवीनीकरण, चरित्र सत्यापन के लंबित आवेदनों और यातायात व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को लंबित मामलों का नियमानुसार शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में अपर कलेक्टर बीपी पाण्डेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी सहित राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी और थाना प्रभारी मौजूद रहे।


AR News Live
ar 728 ad
ar 728 ad

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ar 728 ad
Back to top button