नदी में नहाने गए दो बच्चों की डूबने से मौत, पांच घंटे के रेस्क्यू के बाद मिले शव

मऊगंज। नईगढ़ी थाना क्षेत्र में स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के बाद नदी में नहाने गए दो बच्चों की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। दोनों शनिवार शाम नदी में नहाने गए थे, लेकिन तेज बहाव के कारण गहरे पानी में चले गए और डूब गए। रविवार सुबह पुलिस और एसडीएआरएफ की टीम ने करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद दोनों के शव बरामद किए।
जानकारी के अनुसार 14 वर्षीय प्रकाश सिंह और 13 वर्षीय ऋतिक मिश्रा, निवासी हरदी तिवारियान, नईगढ़ी के संस्कारधानी विद्यालय में कक्षा छठवीं के छात्र थे। शनिवार को स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में शामिल होने के बाद दोनों घर पहुंचे। भोजन करने के बाद वे नदी में नहाने के लिए चले गए। नदी में पानी अधिक होने और तेज बहाव के कारण दोनों गहरे पानी में चले गए।
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बच्चों की तलाश शुरू की। देर शाम तक सफलता नहीं मिलने पर अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू अभियान रोकना पड़ा।
रविवार सुबह एसडीएआरएफ की टीम ने दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया। करीब सुबह 6 बजे प्रकाश सिंह का शव बरामद किया गया। इसके बाद दूसरे बच्चे ऋतिक की तलाश जारी रही। करीब 11 बजे उसका शव घटनास्थल से लगभग 500 मीटर दूर झाड़ियों में फंसा मिला।
रेस्क्यू टीम के मुताबिक नदी का रास्ता संकरा और दुर्गम होने के कारण बोट से तलाशी लेने में परेशानी आ रही थी। इसके बाद टीम के सदस्यों ने पानी में उतरकर कॉम्बिंग की और कई घंटे की मशक्कत के बाद दूसरे बच्चे का शव बरामद किया। पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।




