कड़ियार में जन विश्वास सह सेवा सेतु अभियान, पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ दिलाने पर जोर

सीधी। सिहावल विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत कड़ियार में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत मुख्यमंत्री जन विश्वास सह सेवा सेतु अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सिहावल विधायक विश्वामित्र पाठक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत मां वीणावादिनी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन और स्वागत गीत की प्रस्तुति के साथ हुई। इस दौरान विभिन्न शासकीय योजनाओं और सेवाओं से संबंधित गतिविधियां आयोजित की गईं।
पात्र हितग्राहियों को समय पर मिले योजनाओं का लाभ
विधायक विश्वामित्र पाठक ने कहा कि अभियान का उद्देश्य शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समयबद्ध और प्रभावी तरीके से पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
उन्होंने ग्रामीणों से ग्राम सभा की बैठकों में शामिल होने और पात्रतानुसार योजनाओं के लिए आवेदन करने की अपील की, ताकि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।
कार्यक्रम के दौरान विधायक ने विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों से संवाद कर उन्हें मिले लाभ और उससे उनके जीवन में आए बदलावों की जानकारी ली। इस अवसर पर हितग्राहियों को हितलाभ एवं प्रशस्ति पत्र भी वितरित किए गए।
विकास कार्यों का लोकार्पण
कार्यक्रम के दौरान विधायक ने ग्राम पंचायत कड़ियार में तालाब की मेड़ पर नवनिर्मित सीमेंट-कंक्रीट सड़क, चबूतरा, वस्त्र परिवर्तन कक्ष, छायादार शेड एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का लोकार्पण किया।
उन्होंने कहा कि इन कार्यों से ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही सिहावल क्षेत्र के विकास के लिए आगे भी विभिन्न कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा कराने की बात कही।
कार्यक्रम में सिद्धार्थ गौतम, जयशंकर द्विवेदी, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी रोहित उपाध्याय, तहसीलदार जय प्रकाश पाण्डेय, अनुविभागीय अधिकारी श्रवण चतुर्वेदी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।




