कलेक्टर ने तहसील बहरी का किया निरीक्षण, लंबित राजस्व प्रकरणों के निराकरण के दिए निर्देश
सीएम हेल्पलाइन, सीमांकन, नामांतरण और बंटवारे के मामलों की समीक्षा; रेलवे परियोजना के भू-अर्जन प्रकरणों को समय-सीमा में निपटाने पर जोर

सीधी। कलेक्टर विकास मिश्रा ने तहसील बहरी का निरीक्षण कर राजस्व विभाग के कामकाज और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने राजस्व अधिकारियों एवं कर्मचारियों की बैठक लेकर विभागीय कार्यों की समीक्षा की और लंबित प्रकरणों के निराकरण में तेजी लाने के निर्देश दिए।
सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण निराकरण करें
बैठक में कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को उनका समय-सीमा में संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निराकरण में लापरवाही न बरती जाए और आवेदकों को उचित समाधान उपलब्ध कराया जाए।
सीमांकन, नामांतरण और बंटवारे के मामलों को दें प्राथमिकता
कलेक्टर ने सीमांकन, नामांतरण और बंटवारे से जुड़े लंबित राजस्व प्रकरणों की समीक्षा करते हुए इनके प्राथमिकता से निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ये मामले सीधे आम नागरिकों से जुड़े हैं, इसलिए अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए और लोगों को राजस्व कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने के लिए मजबूर न होना पड़े।
रेलवे भू-अर्जन के मामलों में तेजी लाने के निर्देश
रेलवे परियोजना से संबंधित भू-अर्जन प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को भू-अर्जन प्रक्रिया की आवश्यक कार्रवाई समय पर पूरी करने और सभी प्रकरणों का नियमानुसार निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने राजस्व अधिकारियों से राजस्व न्यायालयों में लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करने, निर्धारित समय-सीमा का पालन करने तथा आमजन को राजस्व सेवाएं पारदर्शी और सहज तरीके से उपलब्ध कराने को कहा।
निरीक्षण एवं बैठक के दौरान उपखंड अधिकारी सिहावल राकेश शुक्ला, तहसीलदार हिमांशु शुक्ला सहित अन्य राजस्व अधिकारी और पटवारी उपस्थित रहे।




