कलेक्टर विकास मिश्रा की अपील: सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाएं दीपावली
पटाखे जलाते समय बच्चों को अकेला न छोड़ें; कम प्रदूषण वाले पटाखों के उपयोग और बुजुर्गों, बीमार व्यक्तियों व पशु-पक्षियों का ध्यान रखने की अपील

सीधी। दीपावली पर्व को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और पर्यावरण अनुकूल तरीके से मनाने के लिए कलेक्टर विकास मिश्रा ने जिलेवासियों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने सभी नागरिकों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि त्योहार की खुशियां मनाने के साथ अपनी और दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें।
कलेक्टर ने कहा कि दीपावली खुशियों, प्रकाश और आपसी सद्भाव का पर्व है। पटाखों का उपयोग सावधानीपूर्वक और निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया जाना चाहिए। बच्चों को पटाखे जलाते समय अकेला न छोड़ें और आतिशबाजी हमेशा बड़ों की निगरानी में ही कराएं।
पटाखे जलाते समय बरतें सावधानी
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि पेट्रोल, डीजल, गैस सिलेंडर और अन्य ज्वलनशील पदार्थों के आसपास पटाखे न जलाएं। आतिशबाजी के लिए खुले स्थान का चयन करें और एहतियात के तौर पर पानी एवं रेत की व्यवस्था रखें। जलते हुए पटाखों के पास जाने और फटे या अधजले पटाखों को दोबारा जलाने से बचें।
प्रदूषण और दूसरों की सुविधा का रखें ध्यान
कलेक्टर ने ध्वनि एवं वायु प्रदूषण को कम करने के लिए कम प्रदूषण वाले पटाखों का उपयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान बुजुर्गों, छोटे बच्चों, बीमार व्यक्तियों और पशु-पक्षियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए।
इसके साथ ही नागरिक यातायात नियमों का पालन करें और सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखें। किसी भी दुर्घटना या अप्रिय स्थिति से बचने के लिए सतर्कता बरतें।
कलेक्टर ने जिलेवासियों से आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भाव के साथ दीपावली मनाने की अपील करते हुए कहा कि त्योहार की खुशियां तभी सार्थक हैं, जब सभी लोग सुरक्षित रहें और दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें।




