नशे के अवैध कारोबार पर होगी कठोर कार्रवाई, त्योहारों में सुरक्षा व्यवस्था की सतत निगरानी के निर्देश
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अधिकारियों को दिए निर्देश; पटाखों के अवैध भंडारण और बिक्री पर सख्ती, खाद वितरण की नियमित निगरानी के भी निर्देश

सीधी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश में नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण के लिए इसमें संलिप्त लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अधिकारियों को संबोधित करते हुए उन्होंने नशामुक्त भारत अभियान के तहत व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने और नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री एवं आपूर्ति पर प्रभावी रोक लगाने को कहा। मुख्यमंत्री ने दीपावली सहित आगामी त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था की सतत निगरानी रखने और खाद के भंडारण एवं वितरण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए।
त्योहारों में सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष निगरानी
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि दीपावली और अन्य त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस एवं प्रशासन लगातार सतर्क रहें। पटाखों और विस्फोटक पदार्थों की बिक्री एवं भंडारण स्थलों का नियमित निरीक्षण किया जाए। पटाखा बिक्री केंद्रों पर सुरक्षा और आग बुझाने के पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। अवैध भंडारण एवं बिक्री करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई हो। कार्बाइड गन और कार्बाइड लैंप के उपयोग पर प्रतिबंध का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश भी दिए गए।
नशे के कारोबार पर कार्रवाई के साथ जागरूकता अभियान
मुख्यमंत्री ने सभी छात्रावासों और शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की संयुक्त समितियां गठित करने के निर्देश दिए, ताकि नशे के विरुद्ध जागरूकता और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। प्रत्येक छात्रावास में नोडल अधिकारी नियुक्त कर विद्यार्थियों को नशामुक्ति के साथ करियर संबंधी मार्गदर्शन उपलब्ध कराने को भी कहा।
उन्होंने प्रत्येक जिले में एनकॉर्ड समिति की बैठक हर महीने आयोजित करने और नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री एवं आपूर्ति में शामिल लोगों के विरुद्ध निरंतर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मेडिकल ड्रग्स, केमिकल ड्रग्स और अन्य घातक नशीले पदार्थों की बिक्री एवं आपूर्ति पर विशेष निगरानी रखने को कहा। औद्योगिक उपयोग वाले ऐसे रसायनों के भंडारण पर भी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए, जिनका दुरुपयोग अवैध नशीले पदार्थ बनाने में हो सकता है। बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और शिक्षण संस्थानों के आसपास विशेष निगरानी रखने के साथ ड्रग माफिया के विरुद्ध अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया।
गौशालाओं में होंगे गोवर्धन पूजा के कार्यक्रम
मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपावली और गोवर्धन पूजा प्रदेशभर में उत्साह के साथ मनाई जाएगी। गोवर्धन पूजा के कार्यक्रम गौशालाओं में आयोजित किए जाएं और इनमें गोपाल कृष्ण पुरस्कार से सम्मानित गौपालकों को सम्मानित किया जाए। धनतेरस के अवसर पर स्वामित्व योजना से लाभान्वित गांवों में भी कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनमें मंत्री, सांसद और विधायक शामिल होंगे। उन्होंने दीपावली पर बैलगाड़ी दौड़ जैसे पारंपरिक आयोजनों का भी उल्लेख किया।
खाद वितरण और फसल बीमा पर कलेक्टरों को निर्देश
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में खाद पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। सभी कलेक्टर खाद के भंडारण और वितरण की नियमित निगरानी करें। ई-टोकन के माध्यम से खाद वितरण में किसानों को परेशानी होने पर उसका तत्काल निराकरण कराया जाए और मांग के अनुसार खाद की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
जिन जिलों में औसत से कम वर्षा हुई है, वहां फसल कटाई प्रयोग के आधार पर अनावारी रिपोर्ट तैयार कराने के निर्देश दिए गए। इसके आधार पर किसानों के फसल बीमा और राहत संबंधी प्रकरण तैयार किए जाएं, ताकि प्रभावित किसानों को नियमानुसार सहायता मिल सके।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में ये अधिकारी रहे शामिल
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल, पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना सहित प्रदेश के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। सीधी कलेक्ट्रेट के एनआईसी केंद्र से कलेक्टर विकास मिश्रा, पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी, अपर कलेक्टर बी.पी. पाण्डेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी, उप पुलिस अधीक्षक राघवेन्द्र द्विवेदी और रवि कुमार सहित संबंधित अधिकारी शामिल हुए।




