त्योहारी सीजन में मिलावटखोरी पर खाद्य सुरक्षा विभाग सख्त, पांच प्रतिष्ठानों से मिठाइयों के नमूने लिए
रामपुर नैकिन में पांच होटलों और मिष्ठान प्रतिष्ठानों का निरीक्षण; पेड़ा, मावा बर्फी, मगज लड्डू और चॉकलेट बर्फी के नमूने जांच के लिए भेजे जाएंगे

सीधी। त्योहारी सीजन में मिठाइयों की बढ़ती मांग के बीच खाद्य पदार्थों में मिलावट की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने जांच अभियान तेज कर दिया है। कलेक्टर विकास मिश्रा के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर रही है। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिनेश लोधी ने रामपुर नैकिन में पांच होटलों एवं मिष्ठान प्रतिष्ठानों की जांच कर विभिन्न मिठाइयों के नमूने लिए।
निरीक्षण के दौरान चुरहट जनता होटल से पेड़ा और मावा बर्फी, परिहार होटल से पेड़ा और मावा बर्फी, बसंत होटल से मावा बर्फी और मगज लड्डू के नमूने लिए गए। इसी तरह श्री राजस्थान मिष्ठान भंडार से मगज लड्डू और चॉकलेट बर्फी तथा यादव होटल से मीठा पेड़ा और मगज लड्डू के नमूने संग्रहित किए गए। इन सभी नमूनों को गुणवत्ता एवं शुद्धता की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा।
साफ-सफाई और भंडारण के निर्देश
निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान संचालकों को खाद्य सामग्री का सुरक्षित भंडारण करने, उचित रखरखाव और साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही पैकिंग एवं लेबलिंग के निर्धारित मानकों का पालन करने और उपभोक्ताओं को स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने की हिदायत दी गई।
जांच रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार प्रयोगशाला से प्राप्त जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि किसी खाद्य पदार्थ में निर्धारित गुणवत्ता एवं शुद्धता के मानकों का उल्लंघन पाया जाता है, तो संबंधित प्रतिष्ठान संचालक के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने त्योहारी सीजन में मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने और उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए खाद्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण की कार्रवाई लगातार जारी रखने की बात कही है।




