कलेक्टर ने अमिलिया खाद वितरण केंद्र का किया निरीक्षण, पारदर्शी व्यवस्था के दिए निर्देश
खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर; ई-टोकन प्रणाली से होगा वितरण, स्टॉक और आपूर्ति की नियमित निगरानी के निर्देश

सीधी। कलेक्टर विकास मिश्रा ने अमिलिया स्थित खाद वितरण केंद्र का निरीक्षण कर खाद की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने केंद्र में उपलब्ध खाद के स्टॉक की जानकारी ली और किसानों को खाद वितरित करने की प्रक्रिया की समीक्षा की।
ई-टोकन से पारदर्शी तरीके से हो खाद वितरण
कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों की आवश्यकता के अनुसार खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। ई-टोकन प्रणाली के माध्यम से पारदर्शी तरीके से खाद का वितरण किया जाए, ताकि प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही की गुंजाइश न रहे।
उन्होंने कहा कि किसानों को खाद प्राप्त करने में अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए और वितरण व्यवस्था सुव्यवस्थित रखी जाए।
स्टॉक और वितरण की नियमित निगरानी के निर्देश
कलेक्टर ने अधिकारियों को खाद के उपलब्ध स्टॉक और वितरण का नियमित रिकॉर्ड संधारित करने तथा उपलब्धता की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान उपखंड अधिकारी सिहावल राकेश शुक्ला सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।




