सेवा संकल्प अभियान में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा, जिला स्तरीय प्रतियोगिता में उत्साह से लिया भाग

सीधी। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-1, सीधी के सभागार में जिला स्तरीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। कार्यक्रम में सीधी सांसद डॉ. राजेश मिश्रा मुख्य अतिथि तथा जिला शिक्षा अधिकारी पी.के. सिंह अध्यक्ष के रूप में उपस्थित रहे। प्रतियोगिता सुबह 11 बजे से शाम 4:30 बजे तक आयोजित हुई।
जिले के विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लिया। चित्रकला के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता और कल्पनाशीलता प्रस्तुत की, जबकि भाषण प्रतियोगिता में अपने विचार एवं अभिव्यक्ति कौशल का प्रदर्शन किया। सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी प्रस्तुतियां देखीं और उनका उत्साहवर्धन किया।
प्रतिभा को अवसर और मार्गदर्शन जरूरी
सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने कहा कि विद्यार्थी देश का भविष्य हैं और उनकी प्रतिभा को उचित अवसर एवं मार्गदर्शन देना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि चित्रकला और भाषण जैसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को अपनी कल्पनाशक्ति, विचारों और भावनाओं को व्यक्त करने का अवसर देती हैं। इससे आत्मविश्वास, रचनात्मकता और नेतृत्व क्षमता विकसित होती है।
उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि प्रतियोगिताओं में केवल स्थान प्राप्त करना ही उद्देश्य नहीं होना चाहिए, बल्कि अपनी प्रतिभा को पहचानकर उसे निरंतर बेहतर बनाने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने पढ़ाई के साथ अपनी रुचि के क्षेत्रों में भी लगातार प्रयास करने तथा माता-पिता एवं शिक्षकों के मार्गदर्शन का लाभ लेने की बात कही।
उन्होंने कहा कि सीधी जिले के विद्यार्थियों में प्रतिभा की कमी नहीं है। आवश्यकता उन्हें उचित अवसर, संसाधन और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की है। उन्होंने शिक्षकों और अभिभावकों से भी विद्यार्थियों की रुचि एवं प्रतिभा को समझकर उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने का आह्वान किया।
इन विद्यार्थियों ने हासिल किया प्रथम स्थान
भाषण प्रतियोगिता के वरिष्ठ वर्ग में गणेश विद्यालय की वैष्णवी मिश्रा तथा कनिष्ठ वर्ग में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के मयंक मौर्य ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
चित्रकला प्रतियोगिता के वरिष्ठ वर्ग में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मॉडल खजूरी की सोनम प्रजापति तथा कनिष्ठ वर्ग में गांधी विद्यालय सीधी की यशस्वी पांडे ने प्रथम स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों के साथ उनके अभिभावक, मार्गदर्शी शिक्षक और विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में अमित प्रधान, विकासखंड शिक्षा अधिकारी मझौली शैलेंद्र सिंह बरिगमा, प्राचार्य वीरेंद्र सिंह मोगली, प्रभारी राकेश रतन पांडे, शासकीय विद्यालय सादीपन के प्राचार्य किशन लाल विश्वकर्मा सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक, विद्यार्थी एवं अभिभावक उपस्थित रहे।




