लोहरा तिराहा पर दर्दनाक हादसा: रेत से भरे हाइवा की टक्कर से 14 वर्षीय किशोर की मौत, पिता गंभीर घायल

सिंगरौली। जिले के जियावन थाना क्षेत्र अंतर्गत पुलिस चौकी कुदवार के लोहरा तिराहा के पास बुधवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक 14 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल व्याप्त हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार छत्रपति सिंह अपने पिता दल प्रताप सिंह के साथ बाइक क्रमांक MP66MH-1980 से जा रहे थे। इसी दौरान लोहरा तिराहा के समीप रेत परिवहन में लगे हाइवा वाहन क्रमांक UP63AT-5822 ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि किशोर छत्रपति सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर एकत्र हो गई। घायल दल प्रताप सिंह को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। हादसे के बाद कुछ समय तक क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
सूचना मिलने पर कार्यपालिक मजिस्ट्रेट ऋषि नारायण सिंह, पटवारी, कानूनगो तथा जियावन थाना प्रभारी शेषनारायण द्विवेदी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की और स्थिति को नियंत्रित किया।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार दुर्घटना में शामिल हाइवा वाहन रेत परिवहन कार्य में लगा हुआ था। पुलिस ने वाहन को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही वाहन के दस्तावेजों और अन्य वैधानिक पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
किशोर की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है और लोग मृतक परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।




