जनसुनवाई में 273 लोगों की सुनी समस्याएं, दिव्यांगों को मौके पर राहत

सीधी। जिला पंचायत सभाकक्ष में मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में कलेक्टर विकास मिश्रा ने जिलेभर से आए 273 आवेदकों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को आवेदनों का शीघ्र और प्रभावी निराकरण करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में ग्राम बरमबाबा निवासी दिव्यांग गेंदलाल बहेलिया ने व्हीलचेयर की जरूरत बताई। कलेक्टर ने सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग को उन्हें व्हीलचेयर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इसी तरह मझौली के ग्राम छुही निवासी दिव्यांग सुनील सिंह ने बताया कि पहले मिली बैसाखी टूट चुकी है, जिससे आवागमन में परेशानी हो रही है। कलेक्टर ने संबंधित विभाग को बैसाखी उपलब्ध कराने के निर्देश देकर मामले का तत्काल निराकरण कराया।
कलेक्टर ने अधिकारियों को हितग्राहीमूलक योजनाओं से जुड़े मामलों को प्राथमिकता से निपटाने और आवेदकों को कार्रवाई की जानकारी देने के निर्देश दिए। आवेदन निरस्त होने की स्थिति में उसका स्पष्ट कारण बताने को भी कहा।
जनसुनवाई के दौरान स्वास्थ्य विभाग की ओर से निःशुल्क स्वास्थ्य जांच और चिकित्सकीय परामर्श के साथ आधार अपडेट की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। सीईओ जिला पंचायत सौम्या आनंद सहित अन्य अधिकारियों ने भी नागरिकों की समस्याएं सुनीं।



