सीधी में ₹1.32 करोड़ से बना आधुनिक सभागार, 500 लोगों की बैठक क्षमता

सीधी। शासकीय कन्या महाविद्यालय सीधी परिसर में ₹1.32 करोड़ की लागत से निर्मित देवी अहिल्या बाई सभागार का उद्घाटन किया गया। एनटीपीसी के सीएसआर मद से बने इस आधुनिक सभागार को विद्यार्थियों को समर्पित किया गया।
सभागार का उद्घाटन सांसद डॉ. राजेश मिश्रा, धौहनी विधायक कुंवर सिंह टेकाम और सिहावल विधायक विश्वामित्र पाठक ने किया। इसमें करीब 500 लोगों के बैठने की व्यवस्था है, जिससे महाविद्यालय में शैक्षणिक, सांस्कृतिक और सामूहिक कार्यक्रमों के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।
सभागार के निर्माण के लिए एनटीपीसी के सीएसआर मद से जीएसटी सहित ₹132.72 लाख की प्रशासकीय स्वीकृति मिली थी। भवन में मुख्य हॉल, मंच, महिला-पुरुषों के लिए अलग ड्रेसिंग रूम और बाथरूम सहित अन्य सुविधाएं विकसित की गई हैं।
सभागार में एसी, फर्नीचर और सीमेंट-कंक्रीट सड़क जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। अब यहां विद्यार्थियों के कार्यक्रम, संगोष्ठी, सांस्कृतिक आयोजन और अन्य शैक्षणिक गतिविधियां आयोजित की जा सकेंगी।
कार्यक्रम में कलेक्टर विकास मिश्रा, सीईओ जिला पंचायत सौम्या आनंद सहित अन्य जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।




