थाने में वकील से कथित मारपीट पर एक्शन, TI समेत 3 पुलिसकर्मी सस्पेंड; देर रात तक थाने में हंगामा

भोपाल। जहांगीराबाद थाने में अधिवक्ता राकेश रावल से कथित मारपीट के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी राजन सिंह अहिरवार समेत आरक्षक यश लखेरा और रामस्वरूप को निलंबित कर दिया है। तीनों को पुलिस लाइन से संबद्ध किया गया है।
घटना के विरोध में मंगलवार देर रात बड़ी संख्या में अधिवक्ता जहांगीराबाद थाने पहुंचे और घेराव किया। विरोध-प्रदर्शन देर रात करीब 3 बजे तक चला। बुधवार सुबह जिला अदालत में भी अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन कर मामले में कार्रवाई की मांग उठाई।

जानकारी के मुताबिक, गणेश प्रतिमा विसर्जन के चलते खटलापुरा मंदिर मार्ग बंद था। इसी दौरान रास्ते को लेकर अधिवक्ता की ट्रैफिक पुलिसकर्मियों से बहस हुई। आरोप है कि इसके बाद उन्हें जहांगीराबाद थाने ले जाया गया, जहां उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई।
घटना के बाद सामने आए एक वीडियो में अधिवक्ता के कपड़ों पर कीचड़ और पैरों पर चोट के निशान दिखाई दे रहे हैं। मामले की जानकारी मिलने पर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त शैलेंद्र सिंह चौहान थाने पहुंचे और प्रदर्शन कर रहे अधिवक्ताओं से बातचीत की।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच की जा रही है। निलंबन के बाद अब घटनाक्रम की जांच आगे बढ़ रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




