हर घर तिरंगा अभियान में सीधी पुलिस की पहल, 400 से ज्यादा आवासों में फहराया तिरंगा

सीधी। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत सीधी पुलिस ने जिले में जागरूकता अभियान शुरू किया है। 9 से 17 अगस्त तक चलने वाले अभियान के तहत पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने लोगों को घरों, दुकानों और प्रतिष्ठानों पर सम्मानपूर्वक राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित किया।
इसी क्रम में 10 अगस्त को रक्षित निरीक्षक वीरेंद्र कुमरे के नेतृत्व में पुलिस आवासीय कॉलोनी नौढ़िया, 84 क्वार्टर, न्यू अजाक कॉलोनी और पुलिस लाइन परिसर में अभियान चलाया गया। इस दौरान 400 से अधिक आवासों में राष्ट्रीय ध्वज लगाया गया।
पुलिस टीम ने इस दौरान लोगों को राष्ट्रध्वज के सम्मान और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के उद्देश्य की जानकारी दी। पुलिस की ओर से नागरिकों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराने की अपील की गई।
पुलिस का कहना है कि अभियान का उद्देश्य केवल ध्वजारोहण तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और स्वतंत्रता दिवस के प्रति सहभागिता की भावना बढ़ाना भी है।
सीधी पुलिस का संदेश है— “हर घर तिरंगा, हर दिल तिरंगा।”




