तहसील का बाबू ₹3 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

सिंगरौली। जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सरई तहसील के खनुआ वृत्त में पदस्थ बाबू लखपति सिंह को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पर जमीन नामांतरण के बदले अवैध राशि मांगने का आरोप है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम निवासी रामनारायण शाह से नामांतरण प्रकरण के निपटारे के एवज में बाबू द्वारा ₹10,000 की रिश्वत मांगी जा रही थी। परेशान आवेदक ने इसकी शिकायत रीवा लोकायुक्त कार्यालय में की, जिसके बाद शिकायत की गोपनीय जांच कराई गई। प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर लोकायुक्त टीम ने ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई।
निर्धारित योजना के तहत शुक्रवार को जैसे ही बाबू लखपति सिंह ने ₹3,000 की रिश्वत ली, लोकायुक्त टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान तहसील परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की जांच जारी है।
इस कार्रवाई के बाद राजस्व विभाग में हड़कंप की स्थिति है। आम नागरिकों ने लोकायुक्त की तत्परता की सराहना की है, वहीं सरकारी कार्यालयों में रिश्वतखोरी में लिप्त कर्मचारियों में साफ तौर पर डर का माहौल देखा जा रहा है।




