गुरु पूर्णिमा पर मड़वास स्कूल पहुंचे कलेक्टर, विद्यार्थियों से बोले- गुरु का मार्गदर्शन सफलता की सबसे मजबूत नींव

सीधी। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर कलेक्टर विकास मिश्रा ने मंगलवार को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, मड़वास का निरीक्षण कर विद्यार्थियों और शिक्षकों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने गुरु-शिष्य परंपरा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम और स्पष्ट लक्ष्य के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कलेक्टर ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान सर्वोच्च माना गया है। गुरु केवल ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि जीवन की सही दिशा भी दिखाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने शिक्षकों के मार्गदर्शन का सम्मान करने, उनके अनुभवों से सीखने और निरंतर अध्ययन को अपनी आदत बनाने की अपील की।
संवाद के दौरान कलेक्टर ने विद्यार्थियों से उनकी पढ़ाई, भविष्य की योजनाओं और करियर लक्ष्यों के बारे में चर्चा की। उन्होंने कहा कि परिस्थितियां चाहे कितनी भी चुनौतीपूर्ण क्यों न हों, यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए तो सफलता अवश्य मिलती है। उन्होंने छात्रों को समय का सदुपयोग करने, नियमित अध्ययन करने, पुस्तकों से जुड़ने और डिजिटल माध्यमों का सकारात्मक उपयोग करने की सलाह दी।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, शिक्षण व्यवस्था, स्वच्छता एवं उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और परीक्षा परिणामों में निरंतर सुधार के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का आग्रह किया। साथ ही विद्यालय परिसर में आवश्यक व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर ने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा प्राप्त करने का स्थान नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व, संस्कार और भविष्य के निर्माण का महत्वपूर्ण केंद्र है। इसलिए प्रत्येक शिक्षक की भूमिका समाज निर्माण में अत्यंत महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने भी कलेक्टर से विभिन्न विषयों पर खुलकर संवाद किया और अपने अनुभव साझा किए। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर कलेक्टर ने सभी शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए शिक्षा और समाज निर्माण में उनके योगदान की सराहना की।
इस अवसर पर उपखंड अधिकारी मझौली आर.पी. त्रिपाठी, संबंधित विभागों के अधिकारी, शिक्षक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।




