सीधी में चोरी-झपटमारी का खुलासा, 3 आरोपी गिरफ्तार; ₹1.50 लाख का माल बरामद

सीधी में थाना मझौली और चौकी पिपराव पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अंतरजिला चोरी और झपटमारी की घटनाओं का खुलासा हुआ है। पुलिस ने मैहर जिले के रहने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर सीधी के दो मामलों में करीब ₹1.50 लाख कीमत का मशरुका बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक 7 सितंबर को ग्राम परसिली में बृजभान रावत से मोबाइल, नगदी और जेवरात ले जाने की घटना के बाद आरोपियों की तलाश शुरू की गई थी। तकनीकी साक्ष्य और सूचना तंत्र की मदद से दशरथ सिंह बैस (23), अमृतलाल उर्फ चुटिया कोल (25) और सचिन कुमार सोनी (22) को पकड़ा गया।
पूछताछ में आरोपियों ने 29 जून को ग्राम करवाही में एक महिला से मोबाइल और नगदी की झपटमारी करना भी स्वीकार किया। दोनों मामलों में नगदी, अन्य सामान के साथ वारदात में इस्तेमाल पल्सर मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने मैहर जिले के रामनगर थाना क्षेत्र में महिला से लूट की एक घटना में भी शामिल होना बताया है। इसकी सूचना रामनगर पुलिस को दे दी गई है। गिरफ्तार आरोपी दशरथ सिंह के खिलाफ पहले से मैहर में 6 अपराध दर्ज हैं, जबकि वर्तमान मामलों को मिलाकर उसके खिलाफ कुल 9 अपराध पाए गए हैं।
तीनों आरोपियों को 12 सितंबर को न्यायालय में पेश किया गया। मामले की आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।




