कलेक्टर ने शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय मझौली का किया निरीक्षण, प्रतियोगी परीक्षाओं के अनुकूल माहौल बनाने पर दिया जोर

सीधी। कलेक्टर विकास मिश्रा ने मंगलवार को शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय, मझौली का निरीक्षण कर महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग पर बल देते हुए विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण, रोजगारोन्मुखी और प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए उपयोगी शिक्षा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने महाविद्यालय की प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय और अन्य शैक्षणिक सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा उपलब्ध कराए गए संसाधनों का अधिकतम उपयोग विद्यार्थियों के हित में होना चाहिए, ताकि उन्हें बेहतर अध्ययन का वातावरण और आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं मिल सकें।
प्राध्यापकों के साथ चर्चा करते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों के लिए महाविद्यालय में प्रेरणादायक और सकारात्मक शैक्षणिक माहौल तैयार किया जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, जरूरत केवल सही मार्गदर्शन, अध्ययन सामग्री और नियमित शैक्षणिक सहयोग उपलब्ध कराने की है।
उन्होंने कहा कि महाविद्यालय केवल डिग्री प्रदान करने का संस्थान नहीं, बल्कि युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण और भविष्य संवारने का महत्वपूर्ण केंद्र है। इसलिए विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, अनुशासन, नियमित अध्ययन और शैक्षणिक गुणवत्ता में निरंतर सुधार के लिए नवाचार आधारित गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाना चाहिए।
कलेक्टर ने महाविद्यालय प्रबंधन से उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने और छात्रहित से जुड़े सभी आवश्यक प्रयास करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान महाविद्यालय के प्राचार्य, प्राध्यापकगण तथा अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




