सीधी में विद्यार्थियों को मिलेगी बड़ी सौगात, 22 नए शाला भवनों का होगा निर्माण

सीधी जिले में विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में 22 नए शाला भवनों का निर्माण किया जाएगा। राज्य शिक्षा केंद्र ने जिले की 24 प्राथमिक एवं माध्यमिक शालाओं के नए भवनों को मंजूरी दी थी, जिनमें से दो जगह पहले ही निर्माण या रिपेयरिंग का काम हो चुका है।
कलेक्टर विकास मिश्रा के निर्देश पर 20 स्वीकृत शाला भवनों के लिए संबंधित ग्राम पंचायतों के खातों में पहली किस्त की 25 प्रतिशत राशि जारी कराई जा रही है। दो अन्य भवनों के लिए बैंक खाता विवरण मिलते ही राशि जारी की जाएगी।
नए भवनों का निर्माण सीधी, रामपुर नैकिन और मझौली विकासखंड की विभिन्न शालाओं में होगा। इनमें उकरहा, सलैया, बघमरिया, बेलदह, चुरहट, मौरा, बागढखास, सिरौला, सिकरा, टिकरी, दरिया, नौढ़िया सहित कई गांवों की प्राथमिक और माध्यमिक शालाएं शामिल हैं।
कलेक्टर ने निर्माण एजेंसियों को काम समय-सीमा में पूरा करने और गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का कहना है कि नए भवन बनने से विद्यार्थियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सकेगा।




