भाजपा व्यापारी प्रकोष्ठ के प्रदेश सह-संयोजक बनने पर रवि केसरी का स्वागत, पार्टी कार्यालय में हुआ अभिनंदन समारोह

सीधी। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता रविशंकर (रवि) केसरी को भाजपा व्यापारी प्रकोष्ठ का प्रदेश सह-संयोजक नियुक्त किए जाने पर जिला भाजपा कार्यालय में स्वागत एवं अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और व्यापारी वर्ग के प्रतिनिधियों ने उनका माल्यार्पण कर स्वागत किया और नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
समारोह को संबोधित करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष देव कुमार सिंह चौहान ने कहा कि रवि केसरी लंबे समय से संगठन के सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ता रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में व्यापारी प्रकोष्ठ को नई मजबूती मिलेगी और संगठन का व्यापारी वर्ग से संवाद और अधिक प्रभावी होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा में कार्यकर्ताओं की निष्ठा और समर्पण के आधार पर जिम्मेदारियां सौंपी जाती हैं तथा सभी मोर्चे और प्रकोष्ठ विकसित भारत के लक्ष्य को लेकर कार्य कर रहे हैं।
अपने संबोधन में नवनियुक्त प्रदेश सह-संयोजक रवि केसरी ने पार्टी के प्रदेश और केंद्रीय नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि व्यापारी वर्ग की समस्याओं और अपेक्षाओं को संगठन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के साथ-साथ केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी व्यापारियों तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी।
जनपद अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह परिहार ने कहा कि रवि केसरी को व्यापार और सामाजिक जीवन का लंबा अनुभव है, जिसका लाभ व्यापारी प्रकोष्ठ और संगठन दोनों को मिलेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए सकारात्मक पहल की जाएगी।
कार्यक्रम का संचालन मंडल महामंत्री दिनेश गुप्ता ने किया। समारोह में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अंजू केसरी, डॉ. देवेंद्र त्रिपाठी, जिला महामंत्री अनिल पाण्डेय, संदीप सिंह गहरवार, जिला मीडिया प्रभारी सुरेंद्र मणि दुबे, सोशल मीडिया संभागीय सह प्रभारी जितेंद्र तिवारी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं व्यापारी उपस्थित रहे।




