राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवारा पशुओं के खिलाफ विशेष अभियान शुरू, मोहनिया टनल से बहरी तक होगी कार्रवाई

सीधी। राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवारा पशुओं के कारण बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने विशेष अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है। अभियान के तहत मोहनिया टनल से बहरी तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर घूम रहे निराश्रित पशुओं को चिन्हित कर सुरक्षित रूप से गौशालाओं में भेजा जाएगा।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत शैलेन्द्र सिंह सोलंकी ने बताया कि यह अभियान संबंधित विभागों और स्थानीय निकायों के समन्वय से संचालित किया जाएगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क सुरक्षा को मजबूत करना, दुर्घटनाओं में कमी लाना और आम नागरिकों के साथ-साथ पशुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
उन्होंने पशुपालकों से अपने मवेशियों को खुला छोड़ने से बचने की अपील करते हुए कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर विचरण करने वाले पशु गंभीर सड़क हादसों का कारण बनते हैं। इससे न केवल पशुओं की जान जोखिम में पड़ती है, बल्कि वाहन चालकों और यात्रियों की सुरक्षा भी प्रभावित होती है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अभियान के दौरान सड़क पर घूमते पाए जाने वाले आवारा पशुओं को गौशालाओं में भेजा जाएगा। ऐसे मामलों में संबंधित पशुपालकों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। जिला प्रशासन ने सभी पशुपालकों से जनहित और यातायात सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अभियान में सहयोग करने तथा अपने पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर रखने की अपील की है।
प्रशासन का मानना है कि इस अभियान से राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवारा पशुओं की संख्या कम होगी और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका में भी कमी आएगी।




