कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास योजना के निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण, हितग्राहियों से किया संवाद

सीधी। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत स्वीकृत आवासों के निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेने के लिए कलेक्टर विकास मिश्रा ने रविवार को विकासखंड रामपुर नैकिन के ग्राम चदैनिया का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माणाधीन आवासों का अवलोकन किया और हितग्राहियों से सीधे संवाद कर निर्माण कार्य की स्थिति तथा सामने आ रही समस्याओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना का उद्देश्य प्रत्येक पात्र परिवार को सुरक्षित और सम्मानजनक पक्का आवास उपलब्ध कराना है। उन्होंने हितग्राहियों से शासन द्वारा उपलब्ध कराई गई राशि का सदुपयोग करते हुए निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य पूरा करने की अपील की, ताकि वे जल्द अपने नए घर में प्रवेश कर सकें।
कलेक्टर ने निर्माणाधीन आवासों की गुणवत्ता का भी निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि यदि किसी हितग्राही को तकनीकी या प्रशासनिक स्तर पर कोई समस्या आ रही हो तो उसका तत्काल समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि आवास निर्माण में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए और जरूरत पड़ने पर हितग्राहियों को आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने अधिकारियों को अपूर्ण आवासों की नियमित मॉनिटरिंग करने और लंबित निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा कराने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान उपखंड अधिकारी अजय शर्मा, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी राजीव तिवारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



