क्राइम

सीधी में अवैध रेत कारोबार पर संयुक्त कार्रवाई, दो वाहन जब्त; 74 ट्रॉली अवैध रेत का भंडारण भी पकड़ा गया

ar 728 ad
AR News Live

सीधी। जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण के विरुद्ध प्रशासन ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अवैध रेत परिवहन वाहनों को जब्त किया है। इसके साथ ही 74 ट्रॉली अवैध रूप से भंडारित रेत भी बरामद की गई। यह कार्रवाई कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी विकास मिश्रा तथा पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन में खनिज एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा की गई।

अपर कलेक्टर बी.पी. पाण्डेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी तथा जिला खनिज अधिकारी कपिल मुनि शुक्ला के मार्गदर्शन में 4 जुलाई को उपखंड गोपदबनास क्षेत्र में विशेष जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान ग्राम डेम्हा में बिना नंबर के दो टाटा-407 डंपर अवैध रूप से रेत का परिवहन करते पाए गए।

संयुक्त टीम को देखकर वाहन चालक रेत खाली कर मौके से भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस और खनिज विभाग की टीम ने घेराबंदी कर दोनों वाहनों को पकड़ लिया। जांच के दौरान चालक रेत परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या अनुमति प्रस्तुत नहीं कर सके, जिसके बाद दोनों वाहनों को जब्त कर थाना कोतवाली सीधी की अभिरक्षा में खड़ा कराया गया।

अभियान के दौरान ग्राम गाड़ा और कुर्रवाह में अवैध रूप से भंडारित 74 ट्रॉली रेत भी जब्त की गई। नियमानुसार जब्त रेत को रेलवे ठेकेदार मेसर्स एस.एम.एस. प्रा. लि. की सुपुर्दगी में सौंपा गया है।

प्रशासन ने बताया कि संबंधित वाहन चालकों एवं स्वामियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश खनिज (अवैध उत्खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम, 2022 के तहत प्रकरण दर्ज किए जा रहे हैं। वहीं जब्त रेत के संबंध में मध्यप्रदेश रेत नियम, 2019 के प्रावधानों के अनुसार आगे की कार्रवाई के लिए प्रकरण कलेक्टर न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा। बिना नंबर वाले वाहनों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई के लिए जिला परिवहन अधिकारी को भी पत्र भेजा जाएगा।

रात्रि 8 बजे शुरू हुआ यह संयुक्त अभियान सुबह करीब 4 बजे तक लगातार चलता रहा। अभियान के दौरान पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी लगातार टीम के संपर्क में रहे और कार्रवाई की निगरानी करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश देते रहे।

इस अभियान में उप पुलिस अधीक्षक अमन मिश्रा, रक्षित निरीक्षक वीरेंद्र कुमरे, खनि निरीक्षक शिशिर यादव सहित पुलिस एवं खनिज विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया।

कलेक्टर विकास मिश्रा और पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण के विरुद्ध संयुक्त अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


AR News Live
ar 728 ad
ar 728 ad

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ar 728 ad
Back to top button