अवैध रेत परिवहन से परेशान ग्रामीण, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 181 पर दर्ज कराई शिकायत

सिंगरौली। बैढ़न थाना क्षेत्र के ग्राम बलियरी में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने और मामला सार्वजनिक होने के बावजूद जिम्मेदार विभाग प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं, जिसके कारण क्षेत्र में दिन-रात अवैध रेत का परिवहन जारी है।
ग्रामीणों के अनुसार, नदियों से लगातार अवैध रूप से रेत निकाली जा रही है, जिससे पर्यावरण को नुकसान पहुंच रहा है और शासन को राजस्व की हानि हो रही है। कार्रवाई नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 181 पर शिकायत दर्ज कर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि हाल ही में उन्होंने अवैध रेत से भरे कई ट्रैक्टरों को रोककर विरोध भी दर्ज कराया था। उनका आरोप है कि रातभर तेज रफ्तार से दौड़ने वाले ट्रैक्टरों के कारण लोगों की नींद प्रभावित होती है और सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। उन्होंने यह भी दावा किया कि कई बार अनियंत्रित ट्रैक्टर नालियों और मकानों की दीवारों को नुकसान पहुंचा चुके हैं।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि अवैध रेत परिवहन में लगे कुछ ट्रैक्टर नाबालिगों द्वारा चलाए जा रहे हैं। साथ ही कई चालक वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग करते हैं, जिससे हादसों की आशंका और बढ़ जाती है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन ने सख्त कार्रवाई नहीं की तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
ग्रामीणों का दावा है कि क्षेत्र से प्रतिदिन बड़ी मात्रा में अवैध रेत का परिवहन किया जा रहा है। हालांकि, इस संबंध में प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से अवैध रेत उत्खनन और परिवहन में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, नियमित निगरानी और कानून का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध जारी रखेंगे।




