सीधी

जन चौपाल–आपकी पुलिस आपके द्वार अभियान का तीसरा चरण सम्पन्न, एसपी संतोष कोरी ने ग्रामीणों से किया सीधा संवाद

ar 728 ad
AR News Live

सीधी। पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन गौरव राजपूत की पहल, उप पुलिस महानिरीक्षक हेमंत चौहान के मार्गदर्शन तथा पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के नेतृत्व में मंगलवार को जिलेभर के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में “जन चौपाल–आपकी पुलिस आपके द्वार” अभियान का तीसरा चरण सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। प्रत्येक माह के अंतिम मंगलवार को आयोजित होने वाले इस अभियान का उद्देश्य पुलिस और आमजन के बीच विश्वास, संवाद एवं सहभागिता को मजबूत करना है।

अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी स्वयं थाना सेमरिया अंतर्गत ग्राम मानकीसर पहुंचे, जहां उन्होंने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव, सेफ क्लिक 2.0, नशा मुक्ति, यातायात नियमों तथा शासन की विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी देते हुए नागरिकों से अपराध एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में पुलिस का सहयोग करने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ नागरिक बसंत पाण्डेय (सेवानिवृत्त प्राचार्य) एवं रामार्चा तिवारी का शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मान किया गया। जन चौपाल में लगभग 300 ग्रामीण, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में भी जन चौपाल आयोजित कर नागरिकों की शिकायतें सुनी गईं। कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया गया, जबकि अन्य शिकायतों के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ की गई। साथ ही साइबर सुरक्षा, महिला एवं बाल संरक्षण, नशा मुक्ति, सामुदायिक पुलिसिंग और यातायात नियमों के प्रति व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया।

थाना रामपुर नैकिन, कुसमी, कमर्जी, कोतवाली, बहरी, जमोड़ी, चुरहट, अमिलिया, भुईमाड़ तथा महिला थाना सहित विभिन्न चौकी क्षेत्रों में भी अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए गए। थाना अमिलिया के ग्राम पहाड़ी में आयोजित जन चौपाल में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी ने ग्रामीणों की समस्याएं विस्तार से सुनीं और विधिसम्मत कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस दौरान लोगों को ओटीपी साझा न करने, फर्जी ऐप डाउनलोड न करने, संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करने सहित साइबर सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए गए।

पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने कहा कि “जन चौपाल–आपकी पुलिस आपके द्वार” केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास एवं पारदर्शिता को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि जिला पुलिस अवैध नशे के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति, महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराधों की रोकथाम तथा जनोन्मुखी पुलिसिंग के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

जिला पुलिस ने बताया कि यह अभियान प्रत्येक माह के अंतिम मंगलवार को नियमित रूप से आयोजित किया जाएगा, ताकि पुलिस गांव-गांव पहुंचकर आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान कर सके और पुलिस-जन विश्वास को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके।


AR News Live
ar 728 ad
ar 728 ad

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ar 728 ad
Back to top button