जमोडी पुलिस की त्वरित कार्रवाई: हत्या के आरोपी को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार, हथियार और कपड़े बरामद

सीधी। थाना जमोड़ी पुलिस ने एक गंभीर हत्या के प्रकरण में तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त रक्तरंजित कुल्हाड़ी एवं घटना के समय पहने गए कपड़े भी बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक सीधी श्री संतोष कोरी के कुशल निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी तथा उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय श्री अमन मिश्रा के मार्गदर्शन में और थाना प्रभारी जमोड़ी उनि. दिव्य प्रकाश त्रिपाठी के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
घटना का विवरण
दिनांक 26 जून 2026 को थाना जमोड़ी क्षेत्र के ग्राम हड़बड़ो बघड़ा टोला में बृजभान अगरिया (50 वर्ष) पर रात में सोते समय धारदार कुल्हाड़ी से हमला किया गया था। गंभीर रूप से घायल बृजभान को पहले जिला अस्पताल सीधी में भर्ती कराया गया, जहां से उन्हें रीवा रेफर किया गया। उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
जांच में सामने आया कि मृतक और आरोपी रावेंद्र अगरिया (22 वर्ष) के बीच पैतृक जमीन के बंटवारे और वारिसाना विवाद को लेकर लंबे समय से रंजिश चल रही थी। इसी विवाद के चलते आरोपी ने अपने चाचा बृजभान अगरिया पर सोते समय जानलेवा हमला किया।
गिरफ्तारी और बरामदगी
घटना के बाद से फरार आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था, लेकिन मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बेलमानी के जंगल में घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त रक्तरंजित कुल्हाड़ी और खून से सने कपड़े बरामद किए गए।
पुलिस टीम की भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी जमोड़ी उपनिरीक्षक दिव्य प्रकाश त्रिपाठी के साथ प्रधान आरक्षक गुरु प्रसन्न, प्रधान आरक्षक रावेंद्र सिंह, आरक्षक अभिषेक तेंदुलकर, आरक्षक के.पी. सिंह, आरक्षक आजाद, महिला आरक्षक सविता, महिला आरक्षक कृति एवं चालक अशोक की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस द्वारा आरोपी के विरुद्ध आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।




