सर्किट हाउस में निःशुल्क सामूहिक योग सत्र का शुभारंभ, कलेक्टर ने किया योगाभ्यास

सीधी। जिले में स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला प्रशासन की पहल पर रविवार प्रातः सर्किट हाउस परिसर में निःशुल्क सामूहिक योग सत्र का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर विकास मिश्रा ने स्वयं योगाभ्यास कर नागरिकों को नियमित योग अपनाने का संदेश दिया।
योग सत्र का आयोजन पतंजलि योग समिति, गायत्री परिवार एवं प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के अनुभवी योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया।
कलेक्टर विकास मिश्रा ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, शांत मन और संतुलित जीवन का आधार है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से अनेक बीमारियों से बचाव संभव है और जीवन की गुणवत्ता में सकारात्मक सुधार आता है। उन्होंने जिलेवासियों से इस पहल से जुड़कर दैनिक जीवन में योग को शामिल करने की अपील की।
जिला प्रशासन ने जानकारी दी कि यह निःशुल्क सामूहिक योग सत्र अब प्रत्येक रविवार प्रातः 6 बजे सर्किट हाउस, सीधी में नियमित रूप से आयोजित किया जाएगा। प्रशासन ने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर ‘‘स्वस्थ सीधी, स्वस्थ समाज’’ के संकल्प को साकार करने का आग्रह किया है।




