क्राइम

देवगवा में नशे के कारोबार पर पुलिस का शिकंजा, दो महिला तस्कर गिरफ्तार; 2.224 किलो गांजा जब्त

ar 728 ad
AR News Live

सीधी। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बहरी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम देवगवा से दो महिला तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 2 किलो 224 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 22 हजार रुपये बताई जा रही है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार सूचना मिली थी कि ग्राम देवगवा में दो महिलाएं अपने-अपने घरों में बिक्री के उद्देश्य से अवैध गांजा छिपाकर रखे हुए हैं। सूचना के आधार पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना प्रभारी बहरी निरीक्षक राजेश पाण्डेय ने दो अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन कर गांव में एक साथ दबिश दी।

तलाशी के दौरान ममता साकेत और सुनीता साकेत के घरों से एक-एक किलो से अधिक गांजा बरामद हुआ। दोनों के कब्जे से कुल 2.224 किलोग्राम गांजा जब्त कर पुलिस ने मौके पर ही वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। हाल के दिनों में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चलाकर कई कार्रवाइयां की गई हैं, जिससे नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक समयलाल वर्मा, सहायक उपनिरीक्षक अविनेश चौधरी, आरक्षक राजकमल सिंह, चैतन्य मिश्रा, प्रभात तिवारी, प्रियंका बेलदार तथा चालक प्रधान आरक्षक शिवकुमार नामदेव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं को नशे के दुष्प्रभाव से बचाने और अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर रोक लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।


AR News Live
ar 728 ad
ar 728 ad

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ar 728 ad
Back to top button