नौढ़िया में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, भारत माता के जयकारों से गूंजा देवसर बाजार

सीधी। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में सिहावल विधानसभा क्षेत्र के नौढ़िया मंडल में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। विधायक विश्वामित्र पाठक की अगुवाई में आयोजित यात्रा में विद्यार्थियों, अधिकारी-कर्मचारियों, सामाजिक संगठनों, व्यापारियों और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
तिरंगा यात्रा स्व. लक्ष्मीकांत पाठक स्टेडियम से शुरू होकर देवसर बाजार, पश्चिमी बाईपास और पूर्वी बाईपास होते हुए उत्कृष्ट विद्यालय देवसर परिसर पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। हाथों में तिरंगा लिए प्रतिभागियों के साथ देशभक्ति गीत और भारत माता के जयकारों से पूरा देवसर बाजार गूंजता रहा।
यात्रा के दौरान विधायक विश्वामित्र पाठक सहित अन्य प्रमुख लोगों ने प्रतिभागियों पर पुष्पवर्षा कर उनका उत्साह बढ़ाया। बड़ी संख्या में स्कूली और महाविद्यालयीन छात्र-छात्राएं भी यात्रा में शामिल रहे।
समापन कार्यक्रम में विधायक विश्वामित्र पाठक ने कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश की आन-बान-शान, एकता, अखंडता, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। उन्होंने तिरंगा यात्रा में शामिल सभी लोगों का आभार जताते हुए नागरिकों से अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने की अपील की।
यात्रा में एसडीएम सौरभ मिश्रा, एसडीओपी गायत्री तिवारी, तहसीलदार प्रदीप सिंह, थाना प्रभारी शेषनारायण द्विवेदी सहित प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, विद्यालयों के प्राचार्य, छात्र-छात्राएं, सामाजिक संगठनों के सदस्य, व्यापारी और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।


