बहरी पुलिस ने गोपद नदी से अवैध रेत उत्खनन करते 407 वाहन जब्त किया, चालक हिरासत में

सीधी: जिले के बहरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने गोपद नदी से अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक 407 वाहन जब्त किया है। मौके से वाहन चालक को हिरासत में लेकर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बहरी थाना पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी कि गोपद नदी के किनारे अवैध रूप से रेत निकासी कर परिवहन की तैयारी की जा रही है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने बालू घाट क्षेत्र में दबिश दी।
दबिश के दौरान नदी किनारे एक पीले-सफेद रंग का 407 वाहन खड़ा मिला, जिसमें मजदूर फावड़ा और तगाड़ी की मदद से रेत लोड कर रहे थे। पुलिस को देखते ही मजदूर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए, जबकि वाहन चालक को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।
पकड़े गए चालक ने पूछताछ में अपना नाम आकाश शुक्ला (27 वर्ष), निवासी ग्राम जनकपुर कुचवाही बताया। वाहन की जांच में उसमें लगभग 20 से 25 तगाड़ी अवैध रेत लदी पाई गई।
पुलिस ने मौके से 407 वाहन, अवैध रेत तथा उत्खनन में प्रयुक्त औजार जब्त कर थाना परिसर में सुरक्षित रखवाए हैं। आरोपी चालक के खिलाफ खनिज अधिनियम एवं अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।




