सीधी में बुजुर्ग से ढाई लाख की ठगी, सफेद बोलेरो चालक ने विश्वास में लेकर उड़ाए रुपये

सीधी: जिले के जमोड़ी थाना क्षेत्र में एक 63 वर्षीय बुजुर्ग के साथ ढाई लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि सफेद रंग की बोलेरो चला रहे अज्ञात व्यक्ति ने भरोसे में लेकर नकदी से भरा बैग गायब कर दिया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित राधेश्याम तिवारी, निवासी धनहा, ने पुलिस को बताया कि वे कलेक्टरेट परिसर स्थित यूनियन बैंक से ढाई लाख रुपये नकद निकालकर टेम्पो के जरिए सेवन इलेवन रेस्टोरेंट, करौंदिया के पास उतरे थे। वहां से वे पैदल हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, जमोड़ी स्थित अपनी पुत्री के घर जा रहे थे।
इसी दौरान पीछे से एक सफेद बोलेरो उनके पास आकर रुकी। वाहन चालक ने स्वयं को परिचित बताते हुए उन्हें गंतव्य तक छोड़ने की बात कही। भरोसा कर बुजुर्ग वाहन में बैठ गए और नकदी से भरा बैग अपने पास रखा।
कुछ दूरी पर उतरते समय जब उन्होंने बैग की जांच की, तो उसमें रखी पूरी रकम गायब थी। मुड़कर देखने पर बोलेरो वाहन भी मौके से जा चुका था।
घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस चौकी खड्डी के माध्यम से थाना जमोड़ी में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। साथ ही वाहन की पहचान और संभावित रूट की जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की जल्द पहचान कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।




