सीधी में अवैध खनन पर कार्रवाई, रेत और गिट्टी ढोते दो वाहन जब्त

सीधी। जिले में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए रेत और गिट्टी ले जा रहे दो वाहनों को जब्त किया है। दोनों मामलों में वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर वाहन सीज किए गए, जबकि एक चालक मौके से फरार हो गया।

खनिज, राजस्व और पुलिस विभाग की टीम ने गोपद नदी घाट क्षेत्र में छापेमारी के दौरान बिना नंबर का जॉन डियर ट्रैक्टर (मॉडल 5038D) अवैध रेत उत्खनन और परिवहन करते पकड़ा। जांच के दौरान चालक कोई वैध अनुमति पत्र प्रस्तुत नहीं कर सका और टीम को देखकर फरार हो गया। जब्त ट्रैक्टर को थाना मड़वास परिसर में खड़ा कराया गया है।
एक अन्य कार्रवाई में ग्राम खोचीपुर, तहसील बहरी से गिट्टी का परिवहन करते टाटा 407 वाहन (MP66G1632) को रोका गया। चालक के पास ई-टीपी या अन्य आवश्यक दस्तावेज नहीं मिले। वाहन को जब्त कर सिटी कोतवाली के सुपुर्द किया गया है।
अधिकारियों के अनुसार दोनों मामलों में खनिज नियमों के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।




