जमोड़ी पुलिस ने चोरी की अपाची बाइक बरामद की, दो आरोपी गिरफ्तार

सीधी। जिले की जमोड़ी थाना पुलिस ने बहरी थाना पुलिस के सहयोग से मोटरसाइकिल चोरी के मामले का खुलासा करते हुए चोरी गई अपाची बाइक बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद मोटरसाइकिल की अनुमानित कीमत 90 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार फरियादी शिवम यादव (19), निवासी ग्राम पड़री, थाना जमोड़ी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 29 जुलाई 2026 को वह अपनी अपाची मोटरसाइकिल (क्रमांक MP53ZD1489) से ग्राम मधुरी स्थित अपने मित्र रोहित केवट के घर गया था। रात में भोजन के बाद वह सो गया। तड़के करीब 3 बजे उठने पर उसकी मोटरसाइकिल घर के बाहर से गायब मिली। काफी तलाश के बाद भी बाइक नहीं मिलने पर उसने थाना जमोड़ी में शिकायत दर्ज कराई।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान की। जांच में सामने आया कि मुकेश प्रजापति निवासी खोचीपुर, थाना बहरी और जतिन उर्फ राइडर उर्फ लकी सोधिया निवासी मधुरी ने मिलकर बाइक चोरी की थी।
इसके बाद जमोड़ी पुलिस ने बहरी थाना पुलिस के सहयोग से संयुक्त रात्रि कार्रवाई करते हुए आरोपी मुकेश प्रजापति के कब्जे से चोरी गई अपाची मोटरसाइकिल बरामद कर ली। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई में थाना बहरी के थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश पाण्डेय, जमोड़ी थाना प्रभारी उपनिरीक्षक दिव्य प्रकाश त्रिपाठी, प्रधान आरक्षक आजाद, प्रधान आरक्षक गुरु प्रसन्न तथा आरक्षक संदीप गुर्जर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल निकटतम पुलिस थाने या डायल 100/112 पर दें।




