सीधी पुलिस की नशा विरोधी कार्रवाई, 2.080 किलो गांजा और बाइक के साथ आरोपी गिरफ्तार

सीधी। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत चौकी खड्डी (थाना रामपुर नैकिन) पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 2 किलो 80 ग्राम गांजा और एक मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कुल 80,120 रुपये मूल्य का मशरूका जब्त किया है। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार 5 अगस्त 2026 को चौकी प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक नीरज कुमार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम उमरिहा निवासी एक व्यक्ति अपनी हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (क्रमांक MP 53 MG 7618) की डिग्गी में अवैध गांजा रखकर बिक्री के लिए ग्राम धनहा की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने स्वतंत्र साक्षियों के साथ ग्राम धनहा स्थित प्रधानमंत्री मार्ग पर घेराबंदी की।
घेराबंदी के दौरान पुलिस ने संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोककर चालक से पूछताछ की। उसने अपना नाम परमानन्द यादव (50 वर्ष), निवासी उमरिहा, चौकी खड्डी, थाना रामपुर नैकिन बताया। तलाशी लेने पर मोटरसाइकिल की डिग्गी में रखे पीले बोरे से 2 किलो 80 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 30,120 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने गांजे के परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली, जिसकी कीमत लगभग 50 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 162/2026 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत प्रकरण कायम किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है। मामले की विवेचना जारी है।
इस कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक नीरज कुमार, प्रधान आरक्षक राम सुंदर, प्रधान आरक्षक रामबली, नायक कृष्ण कुमार पांडे, आरक्षक वेद प्रकाश केवट, आरक्षक दीपेंद्र सिंह तथा वाहन चालक सोनू साकेत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




