कलेक्टर ने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय टमसार का किया निरीक्षण, छात्राओं से जाना पढ़ाई का हाल

सीधी। कलेक्टर विकास मिश्रा ने बुधवार को कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, टमसार का निरीक्षण कर शैक्षणिक गतिविधियों एवं छात्रावास व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने छात्राओं से संवाद कर उनकी पढ़ाई, विषयों की समझ और विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली तथा बेहतर शिक्षण व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने छात्राओं से विभिन्न विषयों से जुड़े प्रश्न पूछकर उनकी शैक्षणिक तैयारी का आकलन किया। उन्होंने छात्राओं को नियमित अध्ययन, अनुशासित दिनचर्या और आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि निरंतर अभ्यास और सकारात्मक सोच से हर सफलता हासिल की जा सकती है।
कलेक्टर ने विद्यालय की कक्षाओं, छात्रावास, भोजन व्यवस्था, स्वच्छता, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधायुक्त आवासीय वातावरण उपलब्ध कराया जाए। साथ ही शिक्षण की गुणवत्ता में निरंतर सुधार, नियमित शैक्षणिक मूल्यांकन और प्रत्येक छात्रा की सीखने की क्षमता पर विशेष ध्यान देने को कहा।
उन्होंने कहा कि आवासीय विद्यालय केवल शिक्षा देने का माध्यम नहीं, बल्कि छात्राओं के व्यक्तित्व के समग्र विकास का महत्वपूर्ण केंद्र हैं। इसलिए ऐसा वातावरण विकसित किया जाए, जिससे छात्राएं आत्मनिर्भर, आत्मविश्वासी और अपने भविष्य के प्रति जागरूक बन सकें। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विद्यालय प्रबंधन को छात्राओं के शैक्षणिक प्रदर्शन को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक सुझाव भी दिए।
इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत ज्ञानेंद्र मिश्रा तथा बीआरसीसी अंगिरा द्विवेदी भी उपस्थित रहे।




