बोलेरो से 25 पेटी बीयर जब्त, अवैध शराब परिवहन करते आरोपी गिरफ्तार

सीधी। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जमोड़ी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने बोलेरो वाहन से भारी मात्रा में बीयर जब्त करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव एवं उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अमन मिश्रा के मार्गदर्शन में जिलेभर में अवैध शराब के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, 9 मई 2026 को थाना जमोड़ी पुलिस को सूचना मिली थी कि एक बोलेरो वाहन में भारी मात्रा में अवैध शराब भरकर रीवा-सीधी मार्ग से रामपुर नैकिन की ओर ले जाई जा रही है।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी दिव्य प्रकाश त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने NH-39 पर घेराबंदी कर संदिग्ध बोलेरो वाहन क्रमांक MP 18 T 5550 को रोककर जांच की।
25 पेटी बीयर बरामद
वाहन की तलाशी लेने पर उसमें रखी 25 पेटी स्टॉक बीयर बरामद हुई। पुलिस के अनुसार, जब्त बीयर की कुल मात्रा करीब 195 लीटर पाई गई।
मौके से वाहन चालक अवनीश सिंह निवासी कंधवार थाना रामपुर नैकिन को गिरफ्तार किया गया।
लाखों का माल जब्त
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लगभग 75 हजार रुपये कीमत की बीयर और करीब 5 लाख रुपये मूल्य का बोलेरो वाहन जब्त किया है। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ कर अवैध शराब नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
अवैध कारोबारियों पर जारी रहेगा अभियान
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले के सभी थाना क्षेत्रों में अवैध शराब के खिलाफ लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है और ऐसे मामलों में शामिल लोगों पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।




