क्राइम

बहरी पुलिस ने 24 घंटे में सुलझाई अंधी हत्या की गुत्थी, महिला हत्याकांड का आरोपी गिरफ्तार

ar 728 ad
AR News Live

सीधी। बहरी पुलिस ने जंगल में मिली महिला की हत्या की गुत्थी महज 24 घंटे के भीतर सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा किया। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया था।

जानकारी के अनुसार, 4 मई 2026 को ग्राम ददरी-बैसाहिया जंगल के पास तरका पोड़ी रोड किनारे एक महिला का खून से लथपथ शव मिला था। सूचना मिलते ही थाना बहरी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच के दौरान मृत महिला की पहचान 36 वर्षीय रामकली सिंह गोंड निवासी ग्राम कठास थाना जमोड़ी के रूप में हुई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव और डीएसपी मुख्यालय अमन मिश्रा के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के मार्गों और मृतिका के संपर्कों की तकनीकी जांच शुरू की।

जांच के दौरान एक महरून रंग की अल्टो कार संदिग्ध पाई गई। पुलिस को पता चला कि मृतिका को आखिरी बार नेबूहा निवासी पवन साहू के साथ देखा गया था। संदेह के आधार पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मृतिका के साथ उसका पुराना विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते वह महिला को बहला-फुसलाकर कार से जंगल में ले गया। वहां दोनों के बीच विवाद बढ़ गया, जिसके बाद आरोपी ने कार में रखे व्हीलपाना और पत्थर से हमला कर महिला की हत्या कर दी। घटना के बाद वह शव को सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गया था।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल अल्टो कार, मृतिका का मोबाइल फोन, व्हीलपाना और पत्थर बरामद कर लिया है। आरोपी के खिलाफ थाना बहरी में धारा 103(1) बीएनएस और एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

इस अंधे हत्याकांड का खुलासा करने में थाना प्रभारी राजेश पाण्डेय, उपनिरीक्षक समयलाल वर्मा, सहायक उपनिरीक्षक जेएन श्रीवास्तव और पुलिस टीम की भूमिका सराहनीय रही।


AR News Live
ar 728 ad
ar 728 ad

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ar 728 ad
Back to top button